बारिश ने फिर खोली पहाड़ की सड़कों की पोल! NH-707A का बड़ा हिस्सा धंसा, मसूरी-यमुना ब्रिज मार्ग ठप।
**देहरादून।** उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश अब पहाड़ी सड़कों पर भारी पड़ने लगी है। देहरादून-त्यूणी-चकराता-मसूरी-बाटाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग-707A पर डिमटा बैंड के पास देर रात पहाड़ी खिसकने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क टूटने के बाद कैम्पटी से यमुना ब्रिज की ओर जाने वाला मार्ग दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही कैम्पटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन प्रभावित हिस्से में आवाजाही रोक दी। पुलिस ने मसूरी की ओर से यमुना ब्रिज जाने वाले तथा यमुना घाटी से मसूरी आने वाले वाहन चालकों को फिलहाल इस मार्ग पर सफर न करने की सलाह दी है।
सड़क धंसी तो बढ़ी मुश्किलें, यात्री रास्ते में फंसे
NH-707A के क्षतिग्रस्त होने से मसूरी, कैम्पटी और यमुना घाटी के बीच आवाजाही प्रभावित हो गई है। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की परेशानी भी बढ़ गई है। लगातार बारिश के बीच सड़क के आसपास पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, डिमटा बैंड के पास सड़क का काफी हिस्सा टूट चुका है। विभागीय टीम मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करेगी। इसके बाद पहाड़ की ओर से कटिंग कर वैकल्पिक रास्ता तैयार करने की संभावना पर काम किया जाएगा।
बारिश थमेगी तभी खुलेगा रास्ता?
फिलहाल मार्ग कब तक यातायात के लिए बहाल होगा, यह मौसम और मौके की स्थिति पर निर्भर करेगा। प्रशासन और एनएच विभाग की टीम की अगली कार्रवाई के बाद ही तस्वीर साफ होगी।
लगातार बारिश के बीच सड़कें टूटने और भूस्खलन की घटनाओं ने पहाड़ी इलाकों में सफर को जोखिम भरा बना दिया है। फिलहाल यात्रियों से बंद मार्ग पर जाने की कोशिश न करने और सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।


